पाकिस्तानी मूल के सादिक खान ने शनिवार को ब्रिटेन की राजधानी लंदन के मेयर पद की शपथ ली
लंदन दुनिया का महान शहर है। इस शहर का मेयर बनने की कभी कल्पना भी नहीं की। यहां के हर निवासी को वैसा ही अवसर देना चाहता हूं जैसा इस शहर ने मुङो और मेरे परिवार को दिया। पाकिस्तानी मूल के सादिक खान ने शनिवार को ब्रिटेन की राजधानी लंदन के मेयर पद की शपथ ली। इस पद पर पहुंचने वाले वे पहले मुस्लिम हैं।
लेबर पार्टी से ताल्लुक रखने वाले खान ने चुनाव में कंजरवेटिव पार्टी के जैक गोल्डस्मिथ को शुक्रवार को रिकॉर्ड मतों से पराजित किया था। पूर्व बस चालक के बेटे खान को 57 फीसद मत मिले। उन्होंने 13,10,143 वोट हासिल किए। यह ब्रिटेन के इतिहास में किसी नेता को मिला सबसे बड़ा जनादेश है। गोल्डस्मिथ को 9,94, 614 वोट मिले। 45 साल के खान की जीत के साथ ही राजधानी में आठ साल से जारी कंजरवेटिव शासन का खात्मा हो गया है।
वे इस पद पर पहुंचने वाले तीसरे व्यक्ति हैं। उनसे पहले लेबर पार्टी के केन लिविंगस्टोन और कंजरवेटिव बोरिस जॉनसन लंदन के मेयर रह चुके हैं। खान की जीत के बाद से कंजरवेटिव पार्टी अपने चुनाव अभियान को लेकर निशाने पर है। खान ने भी खुद को चरमपंथी बताए जाने को लेकर गोल्डस्मिथ की आलोचना की है। उन्होंने कहा,‘उनकी इस जीत से पता चलता है कि लंदन के लोगों ने डर के बजाय उम्मीद और विभाजन के बजाय एकता को चुना है।